अब सुहाना हुआ सफर सड़क से

  • SocialTwist Tell-a-Friend

पर्यटन की दुनिया में नित नए जुड़ते आयामों में अब एक और आयाम जुड़ रहा है सड़क पर्यटन का। वैसे पर्यटन का माध्यम सड़कें  पहले भी रही हैं, पर पहले इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित न होने से सड़कमार्ग से पर्यटन के लिए लोग उन्हीं जगहों पर जाना पसंद करते थे जहां रेलमार्ग नहीं था। सड़कों की बदहाली, जगह-जगह जाम, बेतरतीब वाहनों की चिल्लपों और यातायात नियंत्रण व्यवस्था की कमी आदि कारणों से सड़कों पर लंबी यात्राएं करना बहुत मुश्किल था, पर अब ऐसा नहीं रहा। उदारीकरण के दौर में निजी क्षेत्र व विदेशी निवेश दोनों को सड़क निर्माण के क्षेत्र में हरी झंडी मिलने के बाद सड़क मार्ग से पर्यटन बेहद आसान होता जा रहा है। खासकर दिल्ली से मुंबई के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ ने इस दिशा में नए आयाम खोले हैं। चार व छह लेन की यह सड़क ऐसी है कि विमान भी उतारा जा सके।

ऐतिहासिक शहरों का सफर

दिल्ली से गुड़गांव के मार्ग में अकसर भीड़ होती है, पर हाइवे अथॉरिटी यहां यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए ओवरब्रिजों का निर्माण करा रहा है। इन ओवरब्रिजों के निर्माण के बाद दिल्ली से गुड़गांव के बीच यातायात आसान हो जाएगा। गुड़गांव हरियाणा का सर्वाधिक तेजी से बढ़ता औद्योगिक क्षेत्र है। यहां एक आकर्षक गोल्फ कोर्स भी है, जहां देश-विदेश से लोग मनोरंजन के लिए आते हैं। गुड़गांव के बाद ऐतिहासिक शहर रेवाड़ी आता है और यहीं से पर्यटक राजस्थान में प्रवेश करते हैं। यहां बहरोड़ व शाहपुरा में राजस्थान रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन का पर्यटन केंद्र काफी आकर्षक है।

नियंत्रण यातायात का

शाहपुरा में राजमार्ग प्राधिकरण ने यातायात नियंत्रण कक्ष बनाया हुआ है। इसके जरिये जयपुर तक सड़क पर हो रही हर गतिविधि पर नजर रखी जाती है। इसके लिए छह जगह कैमरे और हर दो किमी पर फोन बूथ लगाए गए हैं। कोई हादसा हो तो नियंत्रण कक्ष को पता चल जाता है और तुरंत मौके पर मदद भेजने की व्यवस्था की जाती है। इसके अलावा रोड पर ही होर्डिग्स के जरिये आगे का हाल भी यात्रियों को बताया जाता है, चाहे यह मौसम संबंधी हो या सड़क पर किसी घटना से संबंधित।

अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली सड़क

जयपुर से आगे उदयपुर तक की यात्रा रोचक है। यहां सड़क अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाई गई है। किसी भी यात्री को इस सड़क पर यात्रा करते समय अहसास हो सकता है कि वह विदेश में है। जयपुर-किशनगढ़ के बीच अकबर के जमाने की कोस मीनारों को धरोहर के रूप में संजोकर रखा गया है। अकबर के काल में आगरा से अजमेर तक करीब हर दो मील की दूरी पर कोस मीनारें बनाई गई थीं। किशनगढ़ के बाद आता है टेक्सटाइल नगर भीलवाड़ा। हाइवे बनने के बाद भीलवाड़ा का कारोबार ढाई गुना बढ़ गया है। भीलवाड़ा में लोग व्यापार के लिए तो आते ही हैं, यहां के ऐतिहासिक स्थलों को भी देखना पसंद करते हैं।

चित्तौड़ का किला

भीलवाड़ा के बाद ऐतिहासिक नगर चित्तौड़ आता है। यहां राजमार्ग कुछ इस तरह बनाया गया है कि बाहर से चित्तौड़गढ़ का किला साफ दिखाई देता है। राजमार्ग से ही किले का विजय स्तंभ भी साफ दिखता है। झीलों की नगरी उदयपुर में प्रवेश करते समय राजमार्ग के आसपास का दृश्य काफी मनोरम है। यहां रुककर पर्यटक प्रकृति की छटा का आनंद उठा सकते हैं।

बरसात के दिनों में यहां आना उत्तम माना जाता है क्योंकि झीलों में पानी तो रहता ही है, मौसम भी काफी सुहाना हो जाता है। इधर चिकित्सा पर्यटन के लिए भी उदयपुर चर्चित हुआ है। यहां का अनुकूल वातावरण वैसे ही कई रोग ठीक कर देता है। विदेशों से भी लोग यहां उपचार कराने आते हैं। जयपुर-उदयपुर मार्ग के जरिये अब नाथद्वारा की यात्रा भी अब आसान हो गई है। नाथद्वारा में श्रीनाथजी, केसरियाजी, एकलिंगजी व नागफनी जैन मंदिर, शामलाजी मंदिर व ऋषभदेव आदि दर्शनीय हैं।

राजमार्ग का नेकलेस

उदयपुर से गुजरात के हिम्मतनगर और सूरत तक की सड़क चार लेन में कन्वर्ट होने के बाद काफी आकर्षक हो गई है। इस मार्ग से विश्र्वविख्यात अक्षरधाम मंदिर के दर्शन के लिए जाया जा सकता है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ का नेकलेस माना जाने वाला अहमदाबाद-बड़ोदरा एक्सप्रेस हाइवे इतना सुंदर बना है कि इसे देखकर कोई भी मंत्रमुग्ध हो जाए। करीब 90 किमी लंबी इस सड़क के दोनों ओर बाड़ हैं ताकि कोई वाहन नीचे न गिरे। इसके अलावा तमाम तरह की आधुनिक सुविधाएं भी इस पर उपलब्ध हैं। बड़ोदरा से मुंबई तक राजमार्ग की स्थिति फिर दिल्ली-गुड़गांव मार्ग जैसी ही हो जाती है। वैसे राजमार्ग प्राधिकरण ने इसे भी सुगम बनाने का काम शुरू कर दिया है। हालांकि मुंबई पहुंचकर महानगर की रंग-बिरंगी शाम में पर्यटक अपनी थकान भूल जाते हैं।

होटल और रिजॉर्ट

जयपुर में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के शानदार होटल और रिजॉर्ट हैं। एक होटल है पार्क प्लाजा। पंचतारा सुविधाओं वाले इस होटल में हमेशा विदेशी चेहरे नजर आते हैं। भीलवाड़ा में भी कई रिजॉर्ट हैं। उदयपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई होटल एवं रिजॉर्ट हैं। इनमें से एक है ट्राइडेंट हिल्टन। यहां शानदार स्विमिंग पूल और काफी खुली जगह है जहां आप शाम का आनंद उठा सकते हैं। मुंबई में राजमार्ग से सटे ऑर्किड होटल है।

VN:F [1.9.1_1087]
Rating: 0.0/10 (0 votes cast)



Leave a Reply

    * Following fields are required

    उत्तर दर्ज करें

     (To type in english, unckeck the checkbox.)

आपके आस-पास

Jagran Yatra