विदेशी ठिकाने जो समाएं आपके बजट में

  • SocialTwist Tell-a-Friend

सैर-सपाटे का शौक रखने वाले हर व्यक्ति का सपना होता है विदेश यात्रा। कुछ वर्ष पूर्व तक यह सिर्फ उच्च आयवर्ग के वश की बात होती थी। मध्यम आयवर्ग के लिए इस सपने को साकार करना बहुत मुश्किल होता था, किंतु आज ऐसा नहीं है। आज विदेशयात्रा सामान्य आय वाले लोगों की पहुंच में भी आ रही है। इसका कारण है- विश्व स्तर पर पर्यटन उद्योग में आए कई बदलाव और बढ़ती स्पर्धा। इसीलिए पर्यटन से जुड़ी सेवाओं की कीमतों में काफी कमी आई है।

इसका लाभ मिला मध्यवर्ग के सैलानियों को। विदेशों का सफर अब इतना आसान और सस्ता हो गया है कि बजट यात्री भी विदेश में सैर- सपाटे का सपना साकार कर सकते हैं। विदेश का पर्यटन दो तरह से किया जा सकता है। एक तो पैकेज टूर का तरीका अपना कर और दूसरा स्वतंत्र रूप से। स्वतंत्र रूप से घूमना हो तो आप मनचाही एयरलाइंस से जा सकते हैं, मनपसंद होटल में ठहर सकते हैं और जितने दिन चाहें घूम सकते हैं। बहुत लोग किसी नए परिवेश और अनजान देश में अकेले जाते हुए एक अज्ञात भय सा महसूस करते हैं। दूर देश में जरूरत के अनुसार व्यवस्थाएं बनाना भी कठिन लगता है। पैकेज टूर में ऐसी परेशानियां नहीं होती हैं। यह जरूर है कि पूरी यात्रा बंधे-बंधाए कार्यक्रम में करनी पड़ती है। उन्मुक्त घुमक्कड़ी का मजा इसमें नहीं रह जाता है।

इसके बावजूद पैकेज टूर के कई फायदे हैं। ये टूर समूह में आयोजित किए जाते हैं और दूसरे देश में भी सैलानी निश्चिंत होकर घूमते हैं। पैकेज टूर सस्ते भी पड़ते हैं। यह सबसे अच्छा तब लगता है, जब विदेश में कदम रखते ही गाइड आपका स्वागत करता है और पूरे टूर के दौरान मार्गदर्शन करता है।

जाहिर है मध्य वर्ग की नजर में पसंदीदा विदेशी ठिकाने वही होंगे, जहां आना-जाना उनके बजट में समा सके। यह संभव हो पाता है निकटवर्ती देशों की यात्रा से। इन देशों का हवाई किराया कम होता है तथा पश्चिमी देशों की मुद्रा की तुलना में इनकी मुद्रा अधिक महंगी नहीं पड़ती। यही कारण है कि भारत के मध्य वर्गीय सैलानियों के बीच दक्षिण पूर्व एशिया के देश अधिक लोकप्रिय हैं।

नेपाल की सांस्कृतिक समानता

पड़ोसी देश अरसे से भारतीय पर्यटकों को लुभाता रहा है। सांस्कृतिक समानता के कारण यह जाना-पहचाना सा लगता है। काठमांडु यहां की राजधानी है। जहां आकर सैलानी पशुपतिनाथ मंदिर, दरबार स्क्वेयर, स्वयंभू मंदिर, पाटन दरबार स्क्वेयर आदि देख सकते हैं। यहां आने वाले झीलों की नगरी पोखरा भी जरूर जाते हैं। जंगल सफारी का आनंद लेने के लिए यहां कई नेशनल पार्क भी हैं। नेपाल के लिए दिल्ली से इंडियन एयरलाइंस व रॉयल नेपाल एयरलाइंस की नियमित उड़ानें उपलब्ध हैं।

थाईलैंड की सुंदर सैरगाहें

थाईलैंड की यात्रा बैंकाक से शुरू की जा सकती है। जहां सागर की रंगीनियों के अलावा सफारी व‌र्ल्ड नामक प्राकृतिक सफारी पार्क खास दर्शनीय स्थल है। जहां सी लॉयन शो, बर्ड व डॉलफिन शो भी देख सकते हैं। शहर की सैर के साथ नोंग नूच विलेज पहुंचकर थाई संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होना एक अलग अनुभव होता है। कोरल आइलैंड पर पारदर्शी तली वाली बोट से समुद्र के अंदर की सुंदर दुनिया देखी जा सकती है।

करीब छह दिन में सैलानी बैंकाक, पटाया तथा फुकेत जैसी सैरगाहों का आनंद उठा सकते हैं। जिसका खर्च मात्र 22 से 25 हजार रुपये बैठेगा। थाईलैंड के लिए थाई एयरबेस, इंडियन एयरलाइंस तथा श्रीलंका एयरलाइंस की नियमित उड़ानें उपलब्ध हैं।

मलेशिया की साझी संस्कृति

मलेशिया की साझी संस्कृति सैलानियों को बेहद प्रभावित करती है। मलेशिया के खास पर्यटन स्थलों की सैर का बजट 28 से 34 हजार के बीच होता है। यहां कुआलालम्पुर, पेनांग, लंकावी, गैंटिंग हाईलैंड पर्यटकों की पसंदीदा जगहें हैं। मलेशिया के लिए मलेशियन एयरलाइंस, इंडियन एयरलाइंस, सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ानें हैं।

सिंगापुर की आधुनिकता

अगर आप दक्षिण-पूर्व एशिया में सुंदर, सुरुचिपूर्ण और व्यवस्थित देश घूमना चाहते हैं तो सिंगापुर सबसे अच्छी जगह होगा। यह छोटा सा द्वीप अपनी आधुनिकता से सबको प्रभावित करता है। सैंटोसा आईलैंड, अंडरवाटर व‌र्ल्ड, डॉलफिन शो, जूरोंग बर्ड पार्क, नाइट सफारी आदि इसके खास आकर्षण हैं। सिंगापुर की चार दिन की यात्रा पर आपको लगभग 25 हजार रुपये खर्च करने होंगे। कुछ टूर आपरेटर सिंगापुर-मलेशिया या मलेशिया-थाईलैंड के संयुक्त टूर भी उपलब्ध कराते हैं। जिनकी कीमत में अधिक अंतर न होने से आप चाहें तो इनमें से कोई भी चुन सकते हैं। एक बार में दो देशों के भ्रमण का खर्च 35 हजार रुपये के आसपास आता है। सिंगापुर के प्रसिद्ध चांगी एयरपोर्ट तक सिंगापुर एयरलाइंस या इंडियन एयरलाइंस से पहुंच सकते हैं।

हांगकांग में विक्टोरिया पीक

हांगकांग को सैलानी अंतरराष्ट्रीय शहर मानते हैं। हांगकांग जाएं तो विक्टोरिया पीक जरूर देखें। वहां से पूरे हांगकांग का विहंगम दृश्य देखते ही बनता है। इसके अलावा रिपल्स बे ओसियन पार्क, एटोल रीफ एक्वेरियम, मेरीन लैंड भी देखे जा सकते हैं। हांगकांग के चार दिन के टूर पर आपको 21 से 25 हजार रुपये खर्च करने होंगे। यहां के लिए इंडियन एयरलाइंस व चाइना एयरलाइंस की नियमित उड़ानें हैं।

श्रीलंका के मंदिर

श्रीलंका की संस्कृति दक्षिण भारत से मिलती-जुलती है। कोलंबो में ऐतिहासिक स्थलों के अलावा बौद्ध व हिंदू मंदिर देख सकते हैं। निगेंबो बीच, माउंट लाविनिया व बेरूवेला खास आकर्षण हैं। पहाड़ी सैरगाह केंडी, सागर तटीय राइट त्रिंकोमाली, अनुराधापुर व जाफना महत्वपूर्ण स्थल हैं। इस यात्रा पर 21 हजार रुपये खर्च हो सकते हैं। दिल्ली से श्रीलंका एयरलाइंस तथा इंडियन एयरलाइंस की नियमित उड़ानें हैं।

द्वीपों का समूह मालदीव

यह 1200 सुंदर कोरल द्वीपों का समूह है। शांत सागरतट, दूर तक फैला नीला जल, ऊंचे-ऊंचे पेड़ अपने सौंदर्य से पर्यटकों अपनी ओर बरबस खींचते हैं। वाटर स्पोर्ट एवं तैराकी के शौकीन लोगों के लिए तो यह स्वर्ग के समान है। मालदीव की राजधानी माले के लिए आप इंडियन एयरलाइंस एवं श्रीलंका एयरलाइंस की सेवाएं ले सकते हैं। चार दिन की यात्रा पर करीब 30 हजार रुपये का खर्च होंगे।

अपना सा देश मॉरीशस

मॉरीशस हिंद महासागर में स्थित कई द्वीपों का एक देश है। राजधानी पोर्टलुइस एक मनमोहक शहर है। यहां हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति की लोकप्रियता देख कर आपको लगेगा ही नहीं कि आप किसी दूसरे देश में हैं। यहां आप इंडियन एयरलाइंस से पहुंच सकते हैं। सात दिन का सफर 32 से 50 हजार रुपये के बजट में किया जा सकता है।

शॉपिंग के लिए दुबई

शॉपिंग के शौकीनों को दुबई की यात्रा बहुत भाती है। यहां खरीदारी का भरपूर लुत्फ उठाने और कुछ दर्शनीय स्थलों को देखने के लिए चार दिन का समय काफी होगा। इसके लिए आपको 19 से 22 हजार रुपये तक व्यय करने होंगे। अगर आपको स्वतंत्र रूप से यात्रा करनी हो तो भी कुछ ट्रेवल एजेंट एयरलाइंस व होटल आदि की बुकिंग यहीं से करा देंगे। आप चाहें तो इंटरनेट से भी टूर तय कर सकते हैं। इसके लिए पहले चार-पांच ट्रेवल एजेंटों से पूरी जानकारी और कीमतें पता करना जरूरी है। इसी तरह पैकेज टूर बुक कराने से पूर्व भी आपरेटरों से पैकेज में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं व कीमतों की जानकारी एकत्र कर तुलना करना फायदेमंद होगा।

VN:F [1.9.1_1087]
Rating: 10.0/10 (2 votes cast)
विदेशी ठिकाने जो समाएं आपके बजट में, 10.0 out of 10 based on 2 ratings


Leave a Reply

    * Following fields are required

    उत्तर दर्ज करें

     (To type in english, unckeck the checkbox.)

आपके आस-पास

Jagran Yatra