ऐलीफेंटा गुफाएं: बेमिसाल कला का नमूना

  • SocialTwist Tell-a-Friend

इसी महीने विश्व विख्यात ऐलीफेंटा गुफाओं में सालाना महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान नृत्य व संगीत के क्षेत्र की कई हस्तियों ने यहां अपने फन का जादू बिखेरा। आप अगर वहां जाने का यह मौका चूक भी गए हों तो कोई हर्ज नहीं क्योंकि यहां साल में किसी भी वक्त जा सकते हैं।

खजुराहो की ही तरह इन्हें भी यूनेस्को की तरफ से विश्व विरासत का दरजा मिला हुआ है। इन्हें यह दरजा 1987 में दिया गया था। ऐलीफेंटा द्वीप पर स्थित ये गुफाएं शैव मतावलंबियों का महत्वपूर्ण स्थान है क्योंकि शिव के विभिन्न रूपों वाली कई अद्भुत प्रतिमाएं यहां मौजूद हैं। ये प्रतिमाएं न केवल उस समय की मूर्तिकला के बारे में बल्कि धार्मिक मान्यताओं के बारे में भी कई बातें कहती हैं।

इतिहास

ये गुफाएं कब गढ़ी गईं, इस बारे में बिलकुल पुष्ट तौर पर जानकारी कम ही मिलती है। कहा जाता है कि सिल्हारा राजाओं ने नौंवी से लेकर तेरहवीं सदी ईस्वी के बीच इन्हें बनवाया। मन्याखेटा (मौजूदा कर्नाटक) के तत्कालीन राष्ट्रकूट राजाओं का शिल्प भी कई मूतियों में झलकता है। रोचक बात यह है कि यह समय भारतीय शिल्प के लिहाज से स्वर्णिम दौर था जब उत्तर में चंबा और मध्य भारत में खजुराहो से लेकर पूर्व में कोणार्क तक के मंदिर बनवाए गए। ये सभी शिल्प की दृष्टि से इतिहास की अमूल्य धरोहर हैं। कोंकणी मौर्योके समय तक इस द्वीप को घारापुरी कहा जाता था। बाद में एक हाथी की प्रतिमा मिलने से इसे ऐलीफेंटा नाम मिल गया।

ऐलीफेंटा गुफाओं को इस तरह से गढ़ा गया था कि प्रतिमाओं समेत साठ हजार वर्ग फुट में फैला समूचा परिसर ही अपने आप में एक शिल्प सरीखा प्रतीत होता है। चट्टानों को काट-काटकर अंदर की जगह, स्तंभ और दीवारों पर दैवरूप तैयार किए गए। इस मायने में यह समूचा शिल्प बेजोड़ लगता है। इसका दूर समुद्र में एक द्वीप पर होना तो इसे और भी हैरतअंगेज बनाता है। परिसर में बने लंबे गलियारों और कक्षों को देखकर हैरत होती है कि इन्हें पहाड़ के भीतर कैसे गढ़ा गया होगा। इनमें से कई जगह कोरी चट्टानें जस की तस हैं तो कई चट्टानों पर इतना बारीक काम है कि दांतों तले उंगली दबानी पड़े। यहां शिव की ज्यादातर प्रतिमाएं आदमकद या उससे भी बड़ी हैं। परिसर में एक मुख्य कक्ष है। अलग-बगल कई और मंदिर भी हैं। जबकि मुख्य मंदिर के ऊपर का हिस्सा कोरी चट्टानों का है। मंदिर में प्रवेश के तीन द्वार हैं। पूर्वी व पश्चिमी द्वारों को जोड़ने वाला गलियारा ही एक तरह से मंदिर की धुरी है जिसमें बीस स्तंभ गढ़े गए हैं।

शिव की त्रिमूर्ति

ऐलीफेंटा में शिव की त्रिमूर्ति अपने आप में ऐसी प्रतिमा है केवल जिसे देखने ही ऐलीफेंटा जाया जा सकता है। कई इतिहासकार ईश्वर के भौतिक स्वरूप को दरशाने वाली इस त्रिमूर्ति को पूरी दुनिया में बेमिसाल बताते हैं। हिंदू मान्यता में त्रिमूर्ति में ब्रह्मा, विष्णु, महेश को दरशाया जाता है। लेकिन यह बीस फुट ऊंची त्रिमूर्ति महेश यानी शिव के ही तीन रूपों की है। एक चेहरे में शिव को उत्तेजक होठों वाले युवा के रूप में दिखाया गया है। यह छवि सृष्टि के रचियता ब्रह्मा से मिलती-जुलती है। दूसरा चेहरा मूंछधारी युवा का है जिसके चेहरे से गुस्सा झलक रहा है। यह छवि विनाशक रुद्र से मिलती है। तीसरा चेहरा जो मध्य में है, वह पालक सरीखे शांत और ध्यानमग्न व्यक्ति का है। यह योगेश्वर की छवि देता है। यानी पारंपरिक रूप से जो छवियां ब्रह्मा, विष्णु व महेश की रही हैं, वे तीनों छवियां शिव के ही रूपों में दिखाई गई हैं। कहा यह भी जाता है कि यह पंचमुखी शिव के ही तीन चेहरे हैं जो चट्टान पर गढ़े गए हैं। इसी तरह ऐलीफेंटा गुफाओं की दक्षिण दीवार पर कल्याणसुंदरा, गंगाधरा, अर्धनारीश्वर व उमा महेश्वर के रूप में शिव की प्रतिमाएं हैं। उत्तरी प्रवेश द्वार के बाई ओर नटराज और दाई ओर योगीश्वर के रूप में भी शिव की मूर्तियां हैं। यहां महेश शिवलिंग के रूप में भी हैं और विभिन्न रूपों में भी। मुख्य मंदिर के पूरब में एक अन्य मंदिर के कक्ष में शिव पुराण से जुड़ी कहानियां दरशाई गई हैं।

ऐलीफेंटा गुफाएं बाम्बे हार्बर में एक द्वीप पर स्थित हैं। मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के निकट स्थित अपोलो बंदर से यहां के लिए रोजाना दिन में कई बार मोटर लांच चलते हैं जो लगभग घंटे भर में नौ समुद्री मील दूर गुफाओं में पहुंचा देते हैं। मानसून के दौरान यहां जाने में दिक्कत होती है और उस समय मोटरबोट सेवा स्थगित भी हो सकती है। लिहाजा यहां जाने का सर्वश्रेष्ठ समय नवंबर से मार्च तक है। टिकट व बोट के जाने के समय की जानकारी गेटवे ऑफ इंडिया पर मिल जाती है। सोमवार को यहां प्रवेश बंद होता है और शुक्रवार को प्रवेश मुफ्त रहता है। द्वीप पर जहां नाव उतारती हैं, वहां से गुफाओं तक सीढि़यां जाती हैं। यहां महाराष्ट्र पर्यटन का होटल व रेस्तरां भी है लेकिन द्वीप पर रात में रुकने की इजाजत नहीं है। शाम पांच बजे सभी पर्यटकों को द्वीप छोड़ना होता है।

VN:F [1.9.1_1087]
Rating: 9.8/10 (8 votes cast)
ऐलीफेंटा गुफाएं: बेमिसाल कला का नमूना, 9.8 out of 10 based on 8 ratings



Leave a Reply

    * Following fields are required

    उत्तर दर्ज करें

     (To type in english, unckeck the checkbox.)

आपके आस-पास

Jagran Yatra