

- Round Trip
- One Way


![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
Select Your Theme
Number of Guest
Specify ages of children at time of travel:
ताज महोत्सव
सूरजकुंड मेले की ही तरह ताज महोत्सव भी शिल्प, कला, संगीत व स्वाद के मिश्रण का आयोजन है। बसंद के आते-आते ताज नगरी आगरा में सारे रंग बिखर जाते हैं। महोत्सव ताजमहल के ठीक निकट शिल्पग्राम में होता है। महोत्सव की शुरुआत मुगल साम्राज्य के वैभव की पूरी छटा बिखेरने के साथ होती है। यहां आपको आगरा के संगमरमर का, सहारनपुर के लकड़ी का, मुरादाबाद के पीतल का, भदोही के कालीनों का, खुर्जा के मिट्टी का, लखनऊ के चिकन का, बनारस के सिल्क का.. काम देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश के हर इलाके के खास पकवान चखने को मिलेंगे। लोकनृत्य का भी भरपूर आयोजन होता है। यहां आप नौटंकी भी देख सकेंगे, राजस्थान का सपेरा नृत्य भी और महाराष्ट्र का लावणी भी.. ठीक ठेठ उसी अंदाज में जैसे सदियों से होते चले आए हैं। भारत के इतिहास में आगरा और ताजमहल की एक खास जगह है। उसे महसूस करने का इससे बेहतर मौका और कोई नहीं हो सकता।
शेखावटी मेला, नवलगढ़, सीकर, राजस्थान
राजस्थान के शेखावटी अंचल की विशिष्ट कला व संस्कृतिको बढ़ावा देने के लिए हर साल राज्य के पर्यटन विभाग और सीकर, चुरू व झुंझूनू के जिला प्रशासनों द्वारा मिलकर इस मेले का आयोजन किया जाता है। राजस्थान में सैलानी आम तौर पर इस इलाके में नहीं पहुंच पाते। यह मेला पर्यटन को भी नई जगह देने का प्रयास है। यह इलाका बड़ी तेजी से रूरल टूरिज्म का केंद्र भी बनता जा रहा है। तीन जिलों में होने वाले इस मेले का केंद्र नवलगढ़ में होता है जो अपनी हवेलियों पर फ्रेस्को पेंटिंगों के चलते दुनियाभर में लोकप्रिय है। इन हवेलियों को दुनिया की सबसे बड़ी खुली दीर्घा भी कहा जाता है।
मरु मेला, जैसलमेर, राजस्थान
रेगिस्तान को उसके पूरे वैभव के साथ देखने का अद्भुत मौका। राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) द्वारा हर साल सर्दियों में आयोजित किए जाने वाले इस मेले के तीन दिनों में यहां की सांस्कृतिक छटा अपने पूरे शबाब पर होती है। गैर व अग्नि नृत्य मुख्य आकर्षण होते हैं। पगड़ी बांधने, मूंछों की लंबाई, पनिहारिन मटका रेस, रस्साकसी और मि. डेजर्ट जैसी स्पर्धाएं भी होती हैं। तमाम स्पर्धाओं में विदेशी सैलानी भी जमकर हिस्सेदारी करते हैं। मेले का समापन माघ पूर्णिमा के दिन होता है। धवल चांदनी में चमकते रेत के टीलों पर ऊंट की सवारी करने और लोकनृत्य देखने का आनंद ही कुछ और है। रेगिस्तान, खास तौर पर जैसलमेर देखने का यह सबसे बेहतरीन समय है जब रेत पर नंगे पांव चलते हुए आपके तलवे जलेंगे नहीं बल्कि ठंडक पहुंचाएंगे।
सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला, सूरजकुंड, हरियाणा
उत्तर भारत के सबसे बहुप्रतीक्षित मेलों में से यह एक है। हर साल इसके आयोजन की तारीख तय होने से पहले से योजना बनाना थोड़ा आसान हो जाता है। हस्तशिल्प, लोकनृत्यों व लोककलाओं का अद्भुत संगम हरियाणा टूरिज्म के इस आयोजन में देखने को मिल जाता है। इस बार पहली मर्तबा सार्क देशों के शिल्पकारों के अलावा मिस्त्र, थाईलैंड व ब्राजील के भी शिल्पकार हिस्सा लेंगे। जाहिर है कि इस बार से इस शिल्प मेले का स्वरूप अंतरराष्ट्रीय हो जाएगा। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल मेले का उद्घाटन करने वाली हैं। मिस्त्र से शिल्पकारों के अलावा लोकनर्तकों का एक दल भी आ रहा है जो उद्घाटन समारोह के अलावा रोजाना अपना कार्यक्रम देगा। मिस्त्र के लजीज पकवान भी फूड कोर्ट में खास स्टाल पर चखने को मिलेंगे। कुछ देशभर के माहौल और कुछ विदेशी कलाकारों की भागीदारी के कारण सुरक्षा के खासे इंतजाम रहेंगे। सूरजकुंड दिल्ली से सटा होने के कारण दिल्लीवासियों के लिए तो यह खास मेला होता ही है, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और कई अन्य जगहों से लोग यहां पहुंचते हैं।
खजुराहो नृत्य समारोह, खजुराहो, मध्य प्रदेश
इतिहास की हर धरोहर के पास कहने को एक कहानी होती है। खजुराहो प्रेम व अध्यात्म के मिलन की अद्भुत कहानी कहता है। सात दिन के इस समारोह में मानो यहां के पश्चिमी समूह के मंदिरों की दीवारें सजीव हो उठती हैं। मंदिरों का वैभव अपने चरम पर होता है। मंदिर परिसर में कत्थक, भरत नाट्यम, ओडिसी, कुचिपुड़ी, मणिपुरी व कत्थकली देखने का अनुभव ही कुछ अलग है। देश के सर्वश्रेष्ठ शास्त्रीय नर्तक अपनी कला से इस शिल्प को जिंदा कर देते हैं। खजुराहो की अपनी प्रसिद्धि दुनियाभर में कम नहीं, फिर यह नृत्य समारोह देशी-विदेशी पर्यटकों को खींचने का अलग बहाना बन जाता है। इसीलिए इसे अंतरराष्ट्रीय समारोह का दरजा भी हासिल है।