

- Round Trip
- One Way


![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
Select Your Theme
Number of Guest
Specify ages of children at time of travel:
स्वीडन भी लैपलेंड, रैनडीयर और रात के सूरज का देश है। प्रकृति यहां कितनी मेहरबान है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसके कुल भौगोलिक हिस्से का 53 फीसदी जंगलों से भरा है। यहां का 17 फीसदी इलाका पहाड़ों से और 9 फीसदी झीलों व नदियों से बना है।
स्वीडन पूरे परिवार समेत छुट्टियां मनाने के लिए बेहद शानदार जगह है। पूरा परिवार साथ-साथ स्वीडन का ओर-छोर घूम सकता है और हर तरह का आनंद उठा सकता है- चाहे वे कैसल हों, समर या विंटर रिजॉर्ट हों, थीम पार्क हों, जू हों या बाकी आउटडोर गतिविधियां जैसे कि स्कीइंग, साइक्लिंग, बेरी (तमाम तरह की बेरीज) पिकिंग, स्वीमिंग, होर्स राइडिंग, कैनोइंग या बाकी कुछ। एम्यूजमेंट पार्को की तो यहां धूम है। एक से बढ़कर एक रोमांचक राइड। मध्य गोतेबर्ग में लिजबर्ग का एम्यूजमेंट पार्क उत्तरी यूरोप में सबसे बड़ा और खूबसूरत है। इसे स्वीडन के सबसे बड़े सैलानी आकर्षणों में से एक माना जाता है।
प्रकृति के लिहाज से बात करें तो यहां का लैपलेंड उसका सबसे बड़ा आकर्षण है। यहां के जंगल, बर्फ से ढके पहाड़, मैदान, ग्लेशियर और नदियां, सब कुछ मानो इंसानी छेड़छाड़ से बिलकुल अछूते मिल जाएंगे। स्वीडन का सात हजार किलोमीटर लंबा समुद्र तट दसियों हजार द्वीपों को समेटे हुए है। स्वीडन के आधे से ज्यादा हिस्से में फैले जंगलों में दुनिया में सबसे पुरानी प्रजाति का जानवर माने जाने वाला विशालकाय मस्क ऑक्स (बैल), मूज, भेडि़ये, रैनडीयर, लिंक्स नाम की बिल्ली और ब्राउन बीयर (भालू) शामिल हैं।
अलग-अलग संस्कृति
स्वीडन के तीन सबसे बड़े शहर तीन अलग-अलग तरह की संस्कृति दर्शाते हैं। राजधानी स्टॉकहोम दुनिया के सबसे खूबसूरत शहरों में शुमार किया जाता है। कुल 14 द्वीपों में फैला यह पूर्वी शहर खरीदारी, खुले दिल-दिमाग, रंग-बिरंगी संस्कृति, गर्मजोशी के लिए बेहद जाना जाता है। वहीं पश्चिमी तट पर स्थित दूसरा सबसे बड़ा शहर गोतेबर्ग दुनिया में अपने स्थानीय भोजन के लिए पहचान बना रहा है। एटलांटिक फिश और शैलफिश के पकवान दुनियाभर में ख्याति अर्जित कर रहे हैं। वहीं दक्षिणी सिरे पर मौजूद माल्मो स्वीडन के लिए यूरोप का दरवाजा है। देश के बाकी शहरों से इतर एक कॉंटिनेंटल स्वरूप वाला शहर।
स्वीडन के मध्य में डलारना क्षेत्र हर मौलिक स्वीडिश चीज के लिए जाना जाता है, चाहे वो स्वीडिश डिजाइन हो, नृत्य, संगीत, पहनावा, हस्तशिल्प, खाना या प्रकृति। इस इलाके के ज्यादातर रोचक स्थान, शहर व पर्यटन स्थल लेक सिलजन के आसपास स्थित हैं। डलारना इलाके की राजधानी फालुन युनेस्को की विश्व विरासत की सूची में शामिल है। स्वीडन में चारों तरफ नजर आने वाला लाल रंग का खास पेंट यहीं की देन है।
मौसम
यहां की गरमियां भी हमारी सरदियों से ज्यादा ठंडी हैं, खास तौर पर उत्तरी इलाकों में। मध्य व दक्षिण स्वीडन में मौसम यूरोप के बाकी देशों से मिलता-जुलता है। सरदियों में यहां दिन बेहद छोटे और गरमियों में दिन बेहद लंबे होते हैं। मई से सितंबर तक यहां आपको रात में अंधेरा नहीं मिलता। राजधानी स्टॉकहोम में भी जून में तड़के तीन बजे सूरज निकल आता है जो रात दस बजे बाद जाकर अस्त होता है। वहीं उत्तर में किरुना में तो जून-जुलाई में सूरज अस्त ही नहीं होता। दरअसल उत्तर के कई शहरों में सैलानी जून व जुलाई में आधी रात का सूरज और नॉदर्न लाइट्स का नजारा देखने के लिए जाते हैं। इसलिए मई से अगस्त में स्वीडन जाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको घूमने के लिए ज्यादा वक्त मिल जाता है।
हवाई मार्ग से तो स्वीडन तक दुनिया की सभी प्रमुख एयरलाइंस ले ही जाती हैं। लेकिन साल 2000 में ओरेसंड खाड़ी पर बने 16 किलोमीटर लंबे पुल व सुरंग ने डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन को स्वीडन के तीसरे सबसे बड़े शहर माल्मो से जोड़ दिया है। यह रास्ता सड़क व ट्रेन दोनों जरियों से स्वीडन ले जाता है। यानी आप यूरोप के बाकी हिस्सों से यूरोस्टार सेवा के जरिये भी स्वीडन पहुंच सकते हैं। इसके अलावा उत्तर यूरोप के कई बंदरगाह शहरों से फेरी के जरिये भी स्वीडन पहुंचा जा सकता है। इसी तरह स्वीडन के भीतर भी घूमने के लिए हर मौसम और हर तरह के साधन उपलब्ध हैं। पूरा देश भीड़भाड़ से पूरी तरह मुक्त है, उत्तरी स्वीडन में तो कभी-कभी किसी सड़क पर आपको ट्रैफिक के रूप में केवल डीयर ओर एल्क सड़क पार करते मिल जाएंगे।
कहां ठहरें
स्वीडन में ठहरने की जगहें भरपूर हैं और बेहद अनूठी तरह की हैं। आपके पास बर्फ की सेज पर सोने के लिए आइस होटल है तो तिमंजिला पेड़ पर ट्री हाउस भी। 19वीं सदी के एक जेल में सलाखों के पीछे भी आप रह सकते हैं और 14वीं सदी की एक मौनेस्ट्री में भी। हर बजट और सुविधा के लिए यहां होटल हैं- पांच सितारा होटल से लेकर कैंपिंग साइट व बेड एंड ब्रेकफास्ट तक।