समुद्र, खाड़ी और पहाड़ी वादियां

  • SocialTwist Tell-a-Friend

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य की महत्वपूर्ण व सुंदर नगरी सैन फ्रांसिस्को को खाडी की नगरी भी कहा जाता है। पश्चिमी दिशा में प्रशांत महासागर के तट पर स्थित इस नगरी के उत्तर व पूर्व, दोनों दिशाओं में खाडी है। इस प्रकार यह एक प्रायद्वीप के समान है। पहाडियों पर बसे हुए होने के बावजूद यह अमेरिका के सर्वाधिक जनसंख्या घनत्व वाले शहरों में से है।

50 पहाडियों पर बसा नगर

अपनी ऊंची नीची पहाडियों के लिए विशिष्ट सैन फ्रांसिस्को नगर लगभग 50 पहाडियों पर बसा हुआ है। अनेक स्थलों के नाम पहाडियों के नाम पर है जैसे नॉब हिल, टेलीग्राफ हिल, आदि जिनमें रशियन हिल की सुंदरता सबसे मनोहारी है। यह एक धूप-छांव की नगरी है। समुद्र के ठंडे पानी और मैदानी इलाकों की गर्मी से पश्चिमी समुद्र तटीय इलाकों में सुबह से शाम तक साल भर घना कोहरा छाया रहता है। यहां कोहरा बादल बनकर विभिन्न स्थलों में छा जाता है। गर्मी में यहां सूर्यास्त शाम साढे आठ बजे के लगभग होता है। इस समय सडक पर कार से गुजरते हुए विभिन्न पहाडियों व वादियों पर कहीं धूप कहीं छांव का सुंदर खेल मन को अभिभूत कर देता है। यहां की गर्मी सूखी और जाडे में नवंबर से मार्च तक बारिश होती है। मौसम में साल भर नमी रहती है। तीनों दिशाओं में पानी से घिरे होने के कारण गर्मी में भी तेज और ठंडी हवा चलती है। साल भर घर से बाहर निकलने पर गर्म कपडों की जरूरत पडती है पर जाडों में यहां हिमपात बिल्कुल नही होता है।

गोल्ड रश

1848 से 1865 के बीच कैलिफोर्निया गोल्ड रश के दौरान सैन फ्रांसिस्को शहर की तेजी से उन्नति हुई। कैलिफोर्निया के समुद्रतट पर सोने की खोज की खबर तेजी से फैली और हजारों लोग यहां आकर बसने लगे। यहां की खाडी में सैकडों विदेशी जहाजों का जमाव होने लगा और सैन फ्रांसिस्को व्यापार और वाणिज्य का विशाल केंद्र बन गया। इसी समय सैन फ्रांसिस्को की खाडी के उत्तरी छोर पर विश्व प्रसिद्ध गोल्डन गेट बनाया गया।

सैन फ्रांसिस्को आने वाले पर्यटक सबसे पहले यहां स्थित गोल्डन गेट ब्रिज देखने जाते हैं। यहां प्रवास के दौरान हम लोगों ने भी सबसे पहले इसी को अपना दर्शनीय स्थल बनाया और अनेक बार यहां से गुजरे। गोल्डन गेट ब्रिज सैन फ्रांसिस्को के उत्तरी छोर को मैरिन काउंटी से जोडता है। यह विशाल और सुंदर ब्रिज एक झूलता हुआ पुल है जो खाडी के मुहाने पर स्थित गोल्डन गेट से शुरू होता है। 1933 से 1937 के बीच निर्मित यह पुल अमेरिका का दूसरा सबसे लंबा झूलता हुआ पुल है। विदेशों से आने वाले हजारों सैलानी इस पर टहलते हुए गहरे समुंदर के ऊपर से गुजरने का आनंद लेते हैं । चमकीले नारंगी रंग (जिसे अंग्रेजी में इंटरनेशनल ऑरेंज कहा जाता है) के इस विशाल व भव्य पुल की गिनती अनेक लोग दुनिया के आधुनिक आश्चयरें में करते हैं। 1936 में खाडी पर निर्मित एक और ब्रिज है- सैन फ्रांसिस्को- ऑकलैंड बे ब्रिज। रात के समय रोशनी से सुसज्जित बे ब्रिज की शोभा देखते ही बनती है।

गोल्डन गेट पार्क

गोल्डन गेट पार्क शहरी इलाके में स्थित एक विशाल पार्क है। इसमें स्थित पुष्प संरक्षण केंद्र दुनिया के प्राचीनतम केंद्रों में है जिसका सुंदर भवन दर्शनीय है। यह केंद्र अब बंद हो चुका है। यहां एक पुरानी पवन चक्की भी है। पार्क में खुले प्रांगण में तीन झरने हैं जिनके कल-कल ध्वनि के बीच संगीत संगम है जहां संगीत के कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। इससे लगा हुआ है कैलिफोर्निया अकादमी ऑफ साइंस और द यंग म्यूजियम। पार्क में स्थित जापानी चाय बागान भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र है। यहां एक बॉटानिकल गार्डेन, एक बोट क्लब और कृत्रिम झील स्टो लेक है जिसमें बिजली से चलने वाला कृत्रिम झरना है।

चायना टाउन

शहर में सुप्रसिद्ध बर्कले विश्वविद्यालय दुनिया भर के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए एक आदर्श केंद्र है। यूं तो यहां ढेरों मॉल और शॉपिंग सेंटर है पर सैन फ्रांसिस्को के पश्चिमी क्षेत्र में मार्केट स्ट्रीट की दुकानें और मॉल आपको विशिष्ट खरीदारी के लिए आकर्षित करती हैं। खरीदारी करके थक जाने पर पास स्थित यूनियन स्क्वायर नामक विशाल पार्क में बैठकर आप आराम कर सकते हैं आस-पास काफी संख्या में भारतीय रेस्त्रां भी हैं। यहां शहर का एक और आकर्षण है- चायना टाउन जिसे रेल मार्ग के निर्माण में लगे हुए चीनी मजदूरों ने बसाया था।

चायना टाउन में कलात्मक ड्रैगन द्वारा सुसज्जित गेट और चीनी कला और संस्कृति की वस्तुएं प्रसिद्ध है। इस सफर में एशियन आर्ट म्यूजियम में भारतीय मूर्ति कला की सामग्रियों को देखकर लगा कि हम जैसे अपने ही देश में है। सामने स्थित सैन फ्रांसिस्को सिटी हॉल का भवन विक्टोरियाई युग की स्थापत्य कला का सुंदर नमूना है। सामने स्थित सैन फ्रांसिस्को की डबल डेकर बस की खुली छत पर बैठकर इन सभी क्षेत्रों का आकर्षक नजारा लिया और साथ में सफर की मौज-मस्ती का लुत्फ भी उठाया।

आधुनिक स्थापत्य कला का बेजोड़ नमूना

गोल्डन रश के दौरान शहर व्यापार की सुविधा के लिए खाडी के तट पर विशाल घाट और बंदरगाहों का निर्माण किया गया जिन्हें यहां फैरी बिल्डिंग या पीयर कहा जाता है। पीयर वन का पुनर्निर्माण करके इसे आकर्षक रूप दिया गया है। यहां अनेक आधुनिक रेस्त्रां, दुकानें और फेरी प्लाजा में ताजे फलों का बाजार है। पीयर थ्री की सुंदर इमारत प्राचीन और आधुनिक स्थापत्य कला का बेजोड नमूना है।

खाडी में सबसे महत्वपूर्ण है चहल-पहल से भरपूर पीयर थर्टी नाइन जहां हर एक की रुचि की कुछ न कुछ बातें मौजूद हैं और हर समय जश्न का माहौल रहता है। इसे मछुआरों का घाट या फिशरमैन्स व्हार्फ के नाम से भी जाना जाता है। यहां सौ से ऊपर दुकानें और रेस्त्रां हैं। रास्ते में खाली जगहों पर लडके करतबें दिखाकर, गाना गाकर, पियानो या बांसुरी बजाकर पर्यटकों का मनोरंजन करते हैं। पीयर थर्टी नाइन में स्थित एक्वेरियम में तीन सौ फीट लंबी पारदर्शी टनेल में टहलते हुए आप समुद्र के नीचे घूमने का आनंद उठा सकते हैं। यहां आप शार्क, स्टार फिश, जेली मछली आदि को न केवल देख सकते हैं बल्कि इन्हें छू भी सकते हैं। इसके अलावा बाहर शाम के समय समुद्र के पानी में लकडी के तख्तों पर लेटे हुए और चिंघाडते हुए अनेक विशाल सी लायन देखे जा सकते हैं जो दिन में पानी में चले जाते हैं।

सनसेट क्रूज का मजा

पार्टी मनाते हुए क्रूज का यहां अलग ही मजा है। हम लोगों ने यहां तीन घंटे के सनसेट क्रूज का आनंद लिया जिसमें सायंकालीन नाश्ते के साथ रात्रि भोजन भी शामिल था। वातानुकुलित मोटर बोट के भीतर बैठकर बाहर समुद्र का दृश्य सुन्दर और अपूर्व था और ऊपर डेक पर जाकर सूर्यास्त देखने का आनंद और भी अद्भुत। वहां एक म्यूजिकल पार्टी भी हमारे मनोरंजन के लिए थी।

अमेरिका के पश्चिमी समुद्र तट पर स्थित सैन फ्रांसिस्को शहर का आकर्षण विस्तृत है और इसकी प्राकृतिक छवि की मुखरता बरबस आपको अपनी ओर खींचती है। आस पास स्थित अनेक सुंदर टापुओं में प्रमुख रूप से दर्शनीय है- अलकैटराज आईलैंड जिस पर निर्मित प्राचीन किले ने इसके आकर्षण को दोगुना कर दिया है। हर सालसैन फ्रांसिस्को आने वाले लाखों लोग इस द्वीप पर भ्रमण के लिए जाते हैं। खाडी के बीच में 1939-40 में निर्मित ट्रेजर आईलैंड एक कृत्रिम द्वीप है जिसे बे ब्रिज के निर्माण के समय निकाले गए कचरे और रद्दी सामग्री से बनाया गया था। इसके अतिरिक्त शौकीन सैलानी अलमेडा आईलैंड, एंजेल आईलैंड, रेडरॉक आईलैंड आदि में भी घूमने और समुद्री सैर का आनंद उठाने जाते हैं।

दर्शनीय स्थल की बहुलता और विविधता में सैन फ्रांसिस्को अद्वितीय है। हाफ मून बे, मोनटेरे बे के अलावा वाइन काउंटी नापा, म्योर वुड्स, अर्थक्वेक ट्रायल, पॉयंट रेज लाइट हाउस आदि सैलानियों को लुभाने के लिए और पूरा दिन बिताने के लिए आकर्षक पिकनिक स्पॉट है। जहां तक यातायात और परिवहन का सवाल है इस मामले में सैन फ्रांसिस्को अद्वितीय है। सैम ट्रेन या मिनी बस नियमित चलने वाली बस सेवा है। साथ में म्यूनि बस और म्यूनि मेट्रो, म्यूनिसपल्टी चलाती है। कुछ क्षेत्रों में बडी और सुंदर डबल डेकर बस चलती है। केबिल कार जैसी प्राचीन सवारी पर बैठकर घूमने का मजा ही और है। तेज चलने वाली डबल डेकर ट्रेन जिन्हें कैल ट्रेन कहते हैं पर सफर में आनंद असीमित है। खाडी के दृश्य पार्क व पहाडियों पर सैर, विशाल इमारतें, घने जंगल, समुद्री यात्रा, द्वीपों का भ्रमण और साथ में मन पसंद खरीदारी के लिए सैन फ्रांसिस्को सपनों की नगरी है।

VN:F [1.9.1_1087]
Rating: 0.0/10 (0 votes cast)



Leave a Reply

    * Following fields are required

    उत्तर दर्ज करें

     (To type in english, unckeck the checkbox.)

आपके आस-पास

Jagran Yatra