

- Round Trip
- One Way


![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
Select Your Theme
Number of Guest
Specify ages of children at time of travel:
बंजी जंपिंग
आपने टेलीविजन पर अकसर एक विज्ञापन देखा होगा, जिसमें का नायक अपने पैर में रस्सी बांधकर नीचे गहरी खाई में गोता लगाता है तथा वहां से शीतल पेय की एक बोतल उठाकर ऊपर पहुंचता है। जी हां, कोल्ड ड्रिंक की इस विज्ञापन फिल्म की प्रेरणा जिस जोखिम भरे खेल से ली गई है, उसी का नाम बंजी जंपिंग है। इस खेल का जादू पश्चिमी देशों में रोमांचक खेलप्रेमियों के सिर चढ़ कर बोल चुका है। अब यह भारत व पड़ोसी देश नेपाल में खासा लोकप्रिय होता जा रहा है। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया तथा न्यूजीलैंड में यह खेल अत्यंत प्रचलित है।
वेनैचू लोगों ने की बंजी जंपिंग की शुरुआत
इस रोमांचक खेल का अविर्भाव 1970 के आसपास हुआ। प्रशांत महासागर के तट पर बसे वेनैचू लोगों ने इस खेल की शुरुआत की। ए.जे.हैकेट नामक व्यक्ति ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के खतरनाक खेल क्लब की एक वीडियो फिल्म देखी, उसी से प्रेरित होकर उन्होंने इस खेल को ईजाद किया। शुरुआती दौर में खिलाड़ी अपने पैरों में अंगूर की बेल से बनी रस्सी बांधकर किसी ऊंचे स्थान से कूदते थे। बाद में इस खेल की लोकप्रियता और इसके व्यावसायिक रूपांतरण के बाद इसमें प्लास्टिक व अन्य धातुओं से बनाई गई रस्सियों का प्रयोग भी किया जाने लगा। बंजी का मतलब रस्सी से है, जबकि जम्पिंग का अर्थ कूदना।
बंजी को नया रूप देने का श्रेय पश्चिमी वैज्ञानिक हेनरी वैन एच. को जाता है। उन्होंने भारी दबाव के बावजूद लचक बनाए रखने वाली एक से बढ़कर एक उम्दा किस्म की रस्सियों का निर्माण किया। बंजी जंपिंग में सबसे पहली ऊंची कूद का श्रेय फ्रांस निवासी पोन्टस डेले कैलिये को जाता है, जिन्होंने 147 मीटर की छलांग लगाई। 1987 में ए.जे. हैकेट ने एफिल टॉवर से छलांग लगाकर अंतरराष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया और रातोरात लोकप्रिय हो गये। आज इस खेल के प्रति युवाओं में जुनून का जो स्तर है, उसके पीछे हैकेट द्वारा लगाई गई छलांग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कतारू बंजी पुल
11 नवंबर, 1988 को कतारू बंजी पुल दुनिया के पहले बंजी जंपिंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया। हैकेट के प्रयासों से शीघ्र ही तीन अन्य स्थानों को भी बंजी जंपिंग के लिए चुना गया, जिनमें क्वीस टाउन (43 मीटर), नेविस हाई वायर बंजी (134 मीटर, न्यूजीलैंड), द लेड्जे बंजी (47 मीटर) तथा स्कीयर्स कैनयान (71 मीटर) हैं।
इस खेल में पैर में बंधी रस्सी की मदद से खिलाड़ी नदी के पुल, ऊंची पर्वतश्रृंखला या किसी ऊंचे पुल से छलांग लगाता है। पश्चिमी देशों की सरहद से निकलकर अब यह खेल भारत और पड़ोसी देश नेपाल में भी शुरू हो चुका है।
भारत में भी लोकप्रिय
भारत में गोवा इसके लिए खास तौर से लोकप्रिय हो रहा है। उत्तर भारत में दिल्ली और इसके आसपास नोएडा व सोहना जैसी जगहों पर भी विशेष अवसरों पर इसके विशेष आयोजन किए जाते हैं। भारत भर में बंजी जंपिंग के लिए इस तरह के विशेष आयोजन करने वाले वंडरलस्ट ट्रेवल्स के अशोक त्रिपाठी बताते हैं कि इसका आयोजन करने पर अच्छा-खासा खर्च आता है। इसलिए अधिकतर यह आयोजन समूहों में होता है। तब समूह के अनुसार ही इसके खर्च भी तय किए जाते हैं। व्यक्तिगत रूप से यदि इसमें कोई भाग लेना चाहे तो यह खर्च पांच सौ से एक हजार रुपये के बीच आता है। भारत में अभी यह खेल अन्य देशों की तुलना में काफी सस्ता है। पड़ोसी देश नेपाल में बंजी जंपिंग का खर्च प्रति व्यक्ति 75 डॉलर है। हां, नेपाल के निवासियों को इसमें तीस प्रतिशत की छूट प्रदान की जाती है।