

- Round Trip
- One Way


![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
Select Your Theme
Number of Guest
Specify ages of children at time of travel:
पेटंहाउस स्यूट, होटल मार्टिनेज, कांस, फ्रांस
किराया 37,200 डॉलर (लगभग साढ़े सोलह लाख रुपये) प्रति रात्रि। कांस अपने फिल्मोत्सव के कारण दुनिया के सबसे जाने-माने शहरों में से एक है। होटल मार्टिनेज की सातवीं मंजिल पर बना पेंटहाउस स्यूट दुनिया का सबसे आलीशान कमरा है। भूमध्य सागर के नजारे दिखाते हुए इस स्यूट में दरअसल चार बेडरूम हैं। साथ में एक विशालकाय टेरेस और अपना अलग जैक्यूजी।
रॉयल पेंटहाउस स्यूट, प्रेसिडेंट विलसन होटल, जिनेवा
किराया 35,000 डॉलर (लगभग साढ़े पंद्रह लाख रुपये) प्रति रात्रि। कुछ ही समय पहले इस स्यूट का नाम इंपीरियल स्यूट से बदला गया। इस स्यूट तक जाने के लिए अलग से लिफ्ट लगी है। लेक जिनेवा का नजारा दिखाने वाले इस कमरे की सभी खिड़कियां और दरवाजे बुलेटप्रूफ हैं।
रॉयल विला, ग्रांड रिसॉर्ट लैगोनिजी, एथेंस, यूनान
किराया 34,000 डॉलर (लगभग पंद्रह लाख रुपये) प्रति रात्रि। तीन बेडरूम वाले इस रॉयल विला में एक इनडोर पूल है, एक गरम आउटडोर पूल, जिम, पूरी तरह से सुसज्जित किचन और विशाल बैठक व भोजनकक्ष। किराया ज्यादा लगे तो तीन परिवार मिलकर चले जाइए, किराया बांट लीजिए और मौज कीजिए।
प्रेसिडेंशियल स्यूट, होटल काला डी वोल्पे, कोस्ट स्मेराल्डा, इटली
किराया 27,200 डॉलर (लगभग बारह लाख रुपये) प्रति रात्रि। होटल के टॉवर विंग में स्थित इस खासे रोशनीदार, बेहद सजे-धजे डुप्ले सेट में तीन बेडरूम हैं और इतने ही बाथरूम, एक आउटडोर साल्टवाटर पूल, एक अलग बुर्ज और एक धूप सेंकने की अलग जगह।
ब्रिज स्यूट, एटलांटिस, पैरेडाइज आइलैंड, बहमाज
किराया 25,000 डॉलर (लगभग ग्यारह लाख रुपये) प्रति रात्रि। दस कमरों का यह स्यूट दरअसल एटलांटिस होटल के दो टॉवरों के बीच ब्रिज (पुल) के रूप में बना है। इसीलिए इसे यह नाम दिया गया है। ओफ्रा विनफ्रे और माइकल जैक्सन जैसी हस्तियां यहां ठहरती रही हैं। यहां की सुविधाओं की फेहरिस्त बनाना भी बड़ा मुश्किल काम है।
पैलेस स्यूट, एलाउंडा बीच होटल, क्रेत, यूनान
किराया 21,000 डॉलर (लगभग सवा नौ लाख रुपये) प्रति रात्रि। वास्तव में यह स्यूट दो विला मिलाकर बनाया गया है, खास तौर पर उन लोगों के लिए जिन्हें ज्यादा ही जगह की जरूरत होती है। मुख्य विला में चार बेडरूम, उन सबके साथ बाथरूम, बैठक व भोजन कक्ष, निजी जिम, रसोई और दो आउटडोर स्वीमिंग पूल हैं। पास के बंगले में एक अतिरिक्त बेडरूम व बैठक है।
रॉयल स्यूट, प्लाजा एथेनी, पेरिस
किराया 17,500 डॉलर (लगभग पौने आठ लाख रुपये) प्रति रात्रि। कमरे से एफेल टावर व एवेन्यू मौंटेन का नजारा दिखाने वाले इस स्यूट में दो विशेष प्रवेश द्वार हैं। दो मास्टर बेडरूम हैं। इसके डाइनिंग रूम में 12 लोग एक साथ खा सकते हैं, लिहाजा अलग किचन भी है। यह स्यूट दरअसल ज्यादा सुरक्षा पसंद करने वालों के लिए है। इसकी बॉल्कनी पर वीडियो मॉनिटर और प्रवेश द्वारों पर फिंगरप्रिंट स्कैन प्रणाली है।
अफ्रीकन सैफायर विला, अल्टामर, एंग्वीला, कैरेबियाई द्वीप
किराया 11,400 डॉलर (लगभग पांच लाख रुपये) प्रति रात्रि। साल के अंत में अपने पीक सीजन में यह विला अस्सी हजार डॉलर प्रति हफ्ते की दर से कम से कम दो हफ्ते के लिए ही उपलब्ध हो पाता है। इसका अपना बटलर है, आया हैं और अलग शेफ। इसमें छह से आठ बेडरूम तो हैं ही, बीच पर इसका अपना अलग स्नोर्कलिंग लैगून भी है।
प्रेसिडेंशियल स्यूट, इंटरकांटिनेंटल, हांगकांग
किराया 11,100 डॉलर (लगभग 4.90 लाख रुपये) प्रति रात्रि। यह स्यूट सात हजार वर्गफुट में बना हुआ है। इसमें पांच बेडरूम हैं, एक डुप्ले लिविंग रूम जिसमें दोमंजिला खिड़कियां लगी हैं, चारों तरफ लगभग ढाई हजार वर्गफुट का टेरेस जहां से विक्टोरिया हार्बर का नजारा लिया जा सकता है, प्राइवेट स्टडी, रसोई वगैरह।
रॉयल स्यूट, बुर्ज अल अरब, दुबई
किराया 10,900 डॉलर (लगभग 4.80 लाख रुपये) प्रति रात्रि। इस फेहरिस्त के सबसे सस्ते स्यूट की खासियत है घूमते प्लेटफार्म पर रखा गोल बेड। पूरा बेडरूम सुनहरे व सुख लाल रंग से दमकता है। मास्टर बाथरूम में गोल जैक्यूजी। स्यूट का निजी एलिवेटर और सिनेमा तक है। …अब इनमें से किसका ख्वाब आप देखेंगे आज की रात